बॉलीवुड ने काफी समय से इतना शानदार प्रदर्शन नहीं किया था।
2019 की शुरुआत से ही हिट्स की झड़ी लगी हुई है, और फिल्म निर्माता हो रहे हैं मालामाल।
फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा क्या बदलाव आया है?
इसका एक कारण है वराइटी, Rediff.com के बॉक्स ऑफ़िस कॉलमिस्ट विनोद मिरानी का कहना है।
"पहले, जी पी सिप्पी, शक्ति सामंत, एन सी सिप्पी और प्रमोद चक्रवर्ती जैसे फिल्म-निर्माता एक ही तरह की फिल्में नहीं बनाते थे। वो दर्शकों को वराइटी देते थे, अलग-अलग तरह की फिल्में बनाते थे, और इसलिये उनकी फिल्में हिट होती थीं," विनोद ने समझाया।
"2019 की सभी हिट्स अलग-अलग जॉनर की हैं। ये दर्शकों के लिये स्मॉर्गसबोर्ड की तरह है। इन फिल्मों की सफलता के कारणों पर नज़र डालते समय इस मुद्दे पर ग़ौर करना बेहद ज़रूरी है। फिल्म-मेकर्स भेड़-चाल नहीं चल सकते और एक ही तरह की फिल्में नहीं बना सकते," विनोद ने आगे कहा।
"बॉक्स ऑफ़िस पर कमाल दिखाने के लिये उनकी फिल्मों में कुछ अलग बात होनी चाहिये।"
आइये इस साल बॉक्स ऑफ़िस पर धमाका करने वाली मूवीज़ पर एक नज़र डालें:
उरी
बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन्स: रु. 239.5 करोड़ / रु. 2.395 बिलियन
उरी सही समय पर रिलीज़ की गयी, विनोद का मानना है, क्योंकि देश का मौजूदा माहौल राष्ट्रवादी है।
उरी ने साबित किया कि अगर मूवी में दम है और देश का मूड आपकी स्क्रिप्ट से मेल खाता है, तो आपकी फिल्म ज़रूर चलेगी।
विकी कौशल की यह फिल्म अभी तक 2019 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर है।
लुका छुपी
बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन्स: रु. 70 करोड़+ / रु. 700 मिलियन
लुका छुपी ने छोटे शहरों में प्यार को देखने के नज़रिये की एक काफी अलग झलक दिखाई है। इसने परंपराओं को तोड़ा है और दर्शकों को काफी पसंद आयी है।
टोटल धमाल
बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन्स: रु. 126 करोड़ / रु. 1.26 बिलियन
दर्शकों को सेंसलेस कॉमेडीज़ काफ़ी भाती हैं और टोटल धमाल की सफलता का यही कारण है।
गली बॉय
बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन्स: रु. 133.5 करोड़ / रु. 1.335 बिलियन
इसका स्टार कास्ट इसकी सफलता का बड़ा कारण है।
फिल्म भले ही मुंबई-बेस्ड हो, लेकिन रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के अभिनय का कोई तोड़ नहीं।
ऐसा हो ही नहीं सकता था कि यह सफल जोड़ी बॉक्स ऑफ़िस पर जलवा न दिखाये।
मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ़ झाँसी
बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन्स: रु. 91 करोड़ / रु. 910 मिलियन
ऐतिहासिक फिल्में बॉक्स ऑफ़िस पर ज़्यादा चलती नहीं हैं, लेकिन झाँसी की रानी के बारे में जानने की उत्सुकता ही फिल्म की सफलता का कारण है। कंगना रनौत की फैन फॉलोइंग ने भी थियेटर्स में भीड़ बढ़ाई।
मणिकर्णिका काफी समय तक मीडिया की सुर्खियों में रही, जिसे इसकी सफलता का एक और कारण कहा जा सकता है।
ठाकरे
बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन्स: रु. 31 करोड़ / रु. 310 मिलियन
ठाकरे मराठी में भी बनाई जाने के कारण यह एक रीजनल हिट रही।
आम तौर पर, राजनेताओं की सिने बायोग्राफीज़ बॉक्स ऑफ़िस पर चलती नहीं हैं, लेकिन शिव सेना के संस्थापक बाल ठाकरे के जीवन पर बनाई गयी यह फिल्म महाराष्ट्र में सफल रही, जहाँ से यह पार्टी शुरू हुई है।
बदला
बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन्स: रु. 23 करोड़+ / रु. 230 मिलियन
फिल्म की अच्छी शुरुआत के साथ, सुजॉय घोष की यह थ्रिलर अगली हिट बनने की राह पर चल पड़ी है।
अमिताभ बच्चन, अमृता सिंह और तापसी पन्नू की बदला कम बजट और विशिष्ट दर्शकों वाली एक मूवी है। और यही विशिष्ट दर्शक निर्माताओं को सफलता दिलाने के लिये काफी हैं।